बागपत। खेकड़ा स्थित लख्मी चंद पटवारी कॉलेज में 23 मई को होने वाली मतगणना के लिए शनिवार को अधिकारी और कर्मचारियों को ड्यूटी कार्ड का वितरण किया गया। ड्यूटी प्वाइंटों से अवगत कराया गया। सभी को समय से मतगणना स्थलों पर पहुंचने के लिए निर्देशित किया गया है। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
लोकसभा चुनाव की मतगणना के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी हैं। अधिकारियों को जहां प्रशिक्षण दिया जा चुका है, वहीं पोस्टल बैलेट पेपरों की लिफाफों की स्कैनिंग का अभी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं ड्यूटी पर मतगणना करने वाले अधिकारी से लेकर कर्मचारियों को ड्यूटी कार्ड का वितरण किया गया। एडीएम अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि 23 मई को होने 228 अधिकारियों को मतगणना अधिकारी, सहायक और माइक्रो ऑब्जर्वर को नियुक्त किया, जिन्हें ड्यूटी कार्ड वितरित किए। इनके अलावा करीब 150 कर्मचारी अन्य व्यवस्थाओं के लिए नियुक्त किए हैं, उन्हें भी कार्ड का वितरण किया। एडीएम ने बताया कि मतगणना स्थल पर बिना ड्यूटी कार्ड के अंदर घुसने नहीं दिया जाएगा। एडीएम ने सभी अधिकारी और कर्मचारियों को अपने कार्ड साथ लेकर जाने के लिए निर्देशित किया। मतगणना में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। शिथिलता बरती गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।