बड़ौत (बागपत)।
आजाद नगर कॉलोनी में एक बार फिर छत पर खेल रहे एक बच्चे को मकानों की छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन ने करंट लगने से झुलस गया। इस हादसे के बाद कॉलोनीवासियों ने बिनौली रोड पर स्थित एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में हंगामा किया। वहां अधिकारियों के न मिलने पर लोग मायूस होकर लौट गए।
लोगों ने कहा एक दशक से हाईटेंशन लाइन मौत बनकर हमारे सिर पर झूल रही है। सैकड़ों बार निगम के अफसरों को शिकायत की, पूर्व जेई लाइन को हटवाने को लेकर 30 हजार रुपये वसूल ले गए हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि जहां 15-20 दिन पूर्व करंट लगने से प्रियांशु और रवि बेहोश हो गए थे, वहीं सोमवार की तड़के एक बार फिर करंट लगने से 10 वर्षीय बच्चा शेखर करंट लगने से बेहोश हो गया। आरोप लगाया कि बारिश के दौरान तो पूरे मकान में करंट उतर जाता है। इस संबंध मेें एक्सईएन द्वितीय प्रभारी सुधाकर ने कहा जल्द ही कॉलोनिवासियों को लाइन से छुटकारा दिलवाया जाएगा। हंगामा करने वालों मेें अनंग पाल, अजित, वीरेंद्र, राम कुमार, सोनू, सुमन, कृष्णा, कुतेश, पुष्पा, मुन्नी, रति कौर, करतारी, राकेश, ब्रिजेश आदि रहे।