बड़ौत (बागपत)। छछरपुर व बिजरौल गांव में ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और सरकार से शहीदों के परिजनों की आर्थिक मदद की मांग उठाई।
छछरपुर गांव में प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट के नेतृत्व मेें मंगलवार रात्रि सैकड़ों ग्रामीण गांव में एकत्र हुए और गांव के मुख्य मार्गों से कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट का कहना था कि केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब न देना भारतीय सैनिकों पर भारी पड़ रहा है। पुलवामा में हुए आतंकी हमले मेेें दर्जनों सैनिक शहीद हो गए। इससे भारतवासियों मेें आक्रोश पनपता जा रहा है। इस दौरान प्रवीण जैन, गौरव चौधरी, सरफा, फारूख, मिंटू, आशु, सौरभ तोमर, हरपाल, महिपाल, जयभगवान, विक्रम, ओमपाल, सुनील, सुरेश, सोहनपाल शामिल रहे।
उधर बिजरौल गांव में प्रधान रविंद्र, प्रतिनिधि रूपेंद्र व सचिव भूपेंद्र समेत ग्रामीणों ने यज्ञ में आहुति दी और सैनिकों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही केंद्र सरकार से पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जब तक देश के पीएम पुलवामा में हुए आतंकी हमले का जवाब पाकिस्तान को नहीं देंगे, तब तक देश की जनता के अंदर आक्रोश पनपता रहेगा। इस दौरान प्रभा देवी, चौधरी यशपाल, बिजेंद्र, सुभाष, रणवीर सिंह शामिल रहे।