बिनौली (बागपत)।
सामाजिक संगठन एस्त्रो ने सोमवार को बिनौली के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में जल बचाओ विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता कराई। इसमें स्कूल में पढ़ने वाले छात्र और छात्रों ने मनमोहक पेंटिंग बनाकर जल बचाओ का संदेश दिया। इसमें गुलशाना प्रथम रही।
जल बचाओ विषय पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में स्कूल के कक्षा तीन से पांच तक 50 बच्चों ने हिस्सा लिया। इसमें छात्र और छात्राओं ने जल को कैसे बचाया जा सकता है, विषय पेंटिंग बनाकर जल बचाने का संदेश दिया। निर्णायक मंडल में एस्त्रो के संरक्षक संजय राणा व प्रधानाध्यापक कविता सिंह ने कक्षा पांच की गुलशाना को प्रथम, कक्षा चार की सुहाना को द्वितीय और कक्षा तीन की अंजुम को तृतीय स्थान दिया। उन्होंने विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया। इसके अलावा आंचल, अरसद, खुशी, तबस्सुम, मुस्कान, साहिल आदि को सांत्वना पुरस्कार बांटे। इस दौरान प्रधानाध्यापक कविता सिंह ने कहा कि जीवन में पानी का बहुत महत्व है। जल है तो कल है। उन्होंने सभी बच्चों को जल बचाने की शपथ भी दिलाई। प्रतियोगिता में सहायक अध्यापक रेणु सिंह, विनय कुमार आदि का सहयोग रहा।