दोघट (बागपत)। तवेला गढ़ी गांव की पट्टी बंजारन में मूसलाधार बारिश से मकान की छत गिर गई। परिजनों ने किसी तरह बाहर भागकर जान बचाई। एक युवक मामूली रूप से चोटिल हुआ है। पीड़ित परिवार ने मुआवजे की मांग की।
पट्टी बंजारन निवासी सईदू पुत्र करमूद्दीन ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम मूसलाधार बारिश से उसके मकान की छत गिर गई। मकान में अंदर बैठे परिवार ने किसी तरह बाहर भागकर जान बचाई। उसका छोटा भाई शफीक मामूली रूप से चोटिल हो गया। उसका गांव में ही निजी चिकित्सक से इलाज कराया। ग्रामीणों ने बताया कि सईदू मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। वह बहुत गरीब है। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की। वहीं चौगामा क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश से तमाम गांवों में जलभराव की समस्या खड़ी हो गई। ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई घरों में पानी घुस गया। ग्रामीण हरेंद्र, विनोद, महेंद्र सिंह, राजपाल, कंवर पाल, राजेंद्र आदि का कहना है कि किसी भी गांव में पानी निकासी का कोई साधन नहीं है। तालाब ओवर फ्लो हो चुके हैं, जिस कारण बारिश का पानी गलियों में भर जाता है। उन्होंने जल भराव की समस्या का समाधान कराने की मांग की।