बागपत। पीड़ित महिला और बालिकाओं को तेज गति से सहायता पहुंचाने के लिए जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी भवनों पर महिला हेल्पलाइन 181 नंबर को लिखवाया जाएगा। इसके लिए अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने प्रदेश के सभी डीएम को पत्र जारी कर निर्देश दिए है।
प्रदेश के लिए महिला हेल्प लाइन 181 कारगर साबित हुआ है। इसके माध्यम से महिलाओं के उत्पीड़न को रोकने के लिए महिला टीम पहुंचती है। इस हेल्पलाइन को और भी प्रभावी बनाने के लिए सरकारी और गैर सरकारी भवनों पर इसको लिखवाया जाएगा। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने प्रदेश के सभी डीएम को पत्र के माध्यम से निर्देशित किया। अवगत कराया कि अप्रैल 2017 से अब तक 2.55 लाख टेलीफोन कॉल प्राप्त हुई। जिसमें 16 हजार महिलाओं को रेस्क्यू कर सहायता उपलब्ध कराई गई। काउंसिलिंग के माध्यम से 1.20 लाख महिलाओं की समस्याओं का निराकरण कराया जा चुका है। जिसको देखते हुए सरकारी और गैर सरकारी भवनों में हेल्पलाइन 181 को लिखवाया जाएगा। जिसके माध्यम से पीड़ित महिला और बालिकाओं को सहायता मिल सके। वहीं इसके अलावा 181 महिला हेल्पलाइन और रेस्क्यू वैन के माध्यम से भी इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। निर्देश दिए बड़े-बड़े अक्षरों में वॉल पेंटिंग कराया जाए।
इन भवनों पर लिखेगा हेल्पलाइन नंबर
डीएम-एसपी कार्यालय, स्कूल-कॉलेज, शासकीय कार्यालय, पुलिस थाने के भवन, ब्लॉक, तहसील, सीओ दफ्तर, एसडीएम, सभी चिकित्सालय के भवन, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सभी पंचायत भवन, प्राथमिक-उच्च प्राथमिक विद्यालय, सभी प्राइवेट स्कूल और कॉलेज, शॉपिंग मॉल, सिनेमा घर के मुख्य दीवार पर लिखा जाएगा।
आपकी सखी-आशा ज्योति केंद्र योजना से होगा व्यय
अपर प्रमुख सचिव रेणुका कुमार ने बताया कि उपरोक्त पर होने वाला व्यय आपकी सखी-आशा ज्योति केंद्र योजना के अतंर्गत 42-अन्य मद में उपलब्ध धनराशि से वहन किया जाएगा।