अमीनगर सराय (बागपत)। बालैनी क्षेत्र के हरिया खेड़ा गांव को आरएएफ मेरठ की 108 बटालियन की टीम ने एक वर्ष के लिए गोद लिया। मंगलवार को आरएएफ की टीम ने गांव में साफ-सफाई कर पौधारोपण किया। लोगों को भी इसके प्रति जागरूक किया।
मेरठ की 108 बटालियन आरएएफ ने बालैनी क्षेत्र के हरिया खेड़ा गांव को एक वर्ष के लिए गोद लिया है। इसके तहत मंगलवार सुबह नौ बजे असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया के नेतृत्व में आरएएफ की बटालियन हरिया खेड़ा गांव में पहुंची। पिलाना ब्लॉक प्रमुख अनीश यादव और गांव के ग्रामीणों को साथ लेकर साफ-सफाई और पौधारोपण अभियान चलाया। सबसे पहले वह प्राथमिक विद्यालय में पहुंचे, यहां साफ-सफाई की। प्रांगण और खेल मैदान में दर्जनों जगह पौधरोपण किया। विद्यार्थियों को घर के लिए एक-एक पौधा दिया। इसके बाद बटालियन ने गांव की गलियों और मुख्य मार्ग पर साफ-सफाई अभियान चलाया और पौधारोपण भी किया। असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया ने गांव में घूमकर सभी घरों की महिलाओं से अपने घर के बाहर नाली और सड़क की साफ-सफाई करने के लिए जागरूक किया। गांव में कमांडेंट शैलेंद्र कुमार और एसडीएम बागपत विवेक यादव भी पहुंचे। उन्होंने भी पौधे लगाए। एडीओ पंचायत सुधीर चौहान, रोहित यादव, पवन राणा, मोहित यादव, विक्की यादव का सहयोग रहा।