बागपत/दाहा/छपरौली। लगातार दूसरे दिन जिले में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश हुई, इससे जलभराव की समस्या पैदा हो गई। तालाब ओवर फ्लो हो गए। रास्तों में गंदा पानी भर गया। स्कूल से लेकर कई सरकारी भवनों में बारिश का पानी भर गया।
शुक्रवार को झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी । शनिवार की दोपहर अचानक फिर काले बादल छा गए। इसके बाद मूसलाधार बारिश से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन जलभराव की समस्या पैदा हो गई। किसानों के बारिश से चेहरे खिले हैं, वहीं जलभराव होने से आम लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। छपरौली क्षेत्र के बाछौड़ गांव में तेज बारिश के कारण तालाब ओवर फ्लो हो गया। इससे गंदा पानी मार्ग पर भर गया। लोगों ने प्रशासन से रास्तों पर भरे गंदे पानी से निजात दिलाने की मांग की है। सुदेश, विशाल, अखिलेश, सुखपाल, तिलकराम, देवेंद्र, गौरव, जयवीर, सोनू, तेजवीर, विकाश, बृजमोहन ने बताया कि तालाब पर अतिक्रमण होने से पानी तालाब तक नहीं पहुंच पा रहा है। निकासी न होने से गंदा पानी मार्ग पर भरा है, जिससे परेशानी हो रही है।
दाहा क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव में बारिश के बाद प्राथमिक पाठशाला तरणताल बन गया, इसमें बच्चों ने मस्ती की। उधर प्रधान के पति जमशेद ने कहा कि स्कूल जर्जर है। बारिश होते ही स्कूल की छुट्टी करा दी गई। जल्द जर्जर स्कूल को नहीं, ध्वस्त कर निर्माण नहीं कराया तो यहां पर बच्चों को पढ़ाई नहीं करने देंगे। अग्रवाल मंडी टटीरी, पिलाना, अमीनगर सराय, रमाला में पानी के से लोगों के चेहरे पर खुशी झलकी।