बागपत। जिले में चलने वाले अमान्य विद्यालयों के खिलाफ अभियान चलेगा। प्रबंधकों को स्कूल बंद करने के लिए बीएसए ने 10 दिन का समय दिया है। वहीं अभिभावकों से भी मान्यता देखकर बच्चों का दाखिला कराने की अपील की । खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने 47 विद्यालयों को चिह्नित कर सूची दी।
बीएसए योगराज सिंह ने बताया कि जिले में बिना मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। 10 दिन का समय निर्धारित किया है। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी और उनकी टीम को गांव और कस्बे बांटे जाएंगे, जो मौके पर पहुंचकर अमान्य स्कूलों को बंद कराएंगे। उन स्कूलों की भी जांच होगी, जिन्होेंने मानक पूरे नहीं किए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने 47 स्कूलों की सूची उन्हें दी । 10 दिन बाद इन्हें बंद करवाने की कार्रवाई होगी। इसके बाद जब दूसरी सूची मिल जाएगी, उस पर कार्रवाई होगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को स्कूलों में दाखिला दिलाने से पहले उसकी मान्यता की जानकारी लेने की अपील की। बीएसए ने कहा स्कूल बंद करने के बाद भी स्कूल चलता मिला तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।