अमीनगर सराय (बागपत)।
मेरठ-बागपत मार्ग पर पिलाना भट्ठे के पास ट्रैक्टर-ट्राली और केंटर में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में केंटर चालक की मौके पर मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि केंटर क्षतिग्रस्त हो गया। केंटर में टावर का सामान लदा था। दुर्घटना के बाद मार्ग जाम हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और वाहनों को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया। इस संबंध में थाने पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर दी।
मृतक जावेद (33) पुत्र मोहम्मद अहसान न्यू इस्लाम नगर थाना लिसाड़ी जनपद मेरठ का रहने वाला था। हाल में वह डौला गांव में मकान बनाकर परिवार सहित रह रहा था। वह ट्रक चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। शनिवार को मुरथल से केंटर में मोबाइल टावर का सामान लेकर कोलकाता के लिए चला था। रात्रि में डौला स्थित अपने घर पर आ गया । रविवार की सुबह साढ़े चार बजे वह डौला से केंटर लेकर चला । जब वह मेरठ-बागपत मार्ग पर पिलाना भट्ठे के पास पहुंचा तो गड्ढा बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्राली से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि केंटर का चालक की तरफ का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की मौैत हो गई। दुर्घटना के बाद बागपत-मेरठ जाम हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा कर जाम खुलवाया। इस संबंध में मृतक के बहनोई ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया।