खेकड़ा। पैरा एथलीट अंकुर धामा ने एक बार फिर अपने दमदार खेल से नाम कमाया। पंचकुला में चल रहे नेशनल खेलों में अंकुर ने तीन स्वर्ण पदक जीते। कामयाबी से कसबे में जश्न का माहौल है।
कसबा निवासी दिव्यांग एथलीट अंकुर धामा ने हरियाणा की ओर से खेलते हुए पंचकुला में शानदार खेल दिखाया। उन्होंने बताया कि 800 मीटर, 15 सौ मीटर और पांच हजार मीटर दौड़ में उन्हें स्वर्ण पदक मिला है। इससे पहले अंकुर धामा दिल्ली की ओर से प्रतियोगिताओं में भाग लेता था, लेकिन इस बार वह हरियाणा की ओर से खेला। सितंबर माह में होने जा रहे एशियन गेम्स की तैयारी में जुटे अंकुर ने कहा कि उसका मकसद देश को ओलंपिक में पदक दिलाने का है। भाई गौरव धामा ने बताया कि घर और कसबे में कामयाबी से खुशी का माहौल है। माता संतोष देवी ने भी खुशी जताई।
रियो में चूक गया था अंकुर धामा
बागपत। ब्राजील के रियो डि जेनेरियो में 15 सौ मीटर हीट्स से बाहर होने का मामला चर्चा का विषय रहा था। असल में वर्ष 2016 में हुए इन खेलों में भारतीय एथलीट अंकुर धामा के गाइड विपिन को धक्का दिया था। वीडियो से सच खुला तो पैरा ओलंपिक कमेटी ने तीन घंटे बाद इस पर आपत्ति दाखिल की, लेकिन सुनवाई के बाद इसे खारिज कर दिया। आयोजक कमेटी का कहना था कि आपत्ति केवल 30 मिनट बाद ही दर्ज कराई जानी चाहिए थी। एथलीट अंकुर धामा बदकिस्मती से रियो पेरा ओलंपिक से बाहर हो गया था।