बागपत। प्रदेश के पशुधन मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि पिछले एक साल में भाजपा सरकार ने प्रत्येक तबके के विकास के लिए कार्य किए हैं। मलकपुर चीनी मिल से भुगतान कराया जाएगा। रमाला मिल की क्षमता वृद्धि कर किसानों को तोहफा दिया है। खनन के पट्टों की निगरानी कराई जा रही है। खनन में नियमों का उल्लंघन किया तो कार्रवाई होगी। डीएम और एसपी इसकी निगरानी करें और शिकायतों की जांच भी करें।
कलक्ट्रेट में प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को बताने वाली एक साल नई मिसाल पत्रिका का विमोचन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में बघेल ने कहा कि सरकार ने हर क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की। वेस्ट यूपी की लाइफ लाइन गन्ना है। बड़ौत और बागपत की पहचान भी गन्ना है। अधिकतर चीनी मिल प्रत्येक 14 दिन बार भुगतान कर रही हैं, लेकिन मलकपुर चीनी मिल का ब्योरा मांगा गया है। सोमवार को वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर बागपत के प्रमुख मुद्दों के अलावा भुगतान की समस्या को रखेंगे और भुगतान कराया जाएगा। बागपत में बस स्टैंड और छपरौली में यमुना पर पुल के निर्माण की बाबत बात की जाएगी। सरकार ने खनन के लिए जो पट्टे दिए हैं, अगर उनमें से किसी पर उल्लंघन किया जा रहा है तो कार्रवाई तय है। डीएम और एसपी को इस बाबत निर्देश दिए हैं। इस दौरान विधायक योगेश धामा, केपी मलिक, डीएम ऋषिरेंद्र कुमार, सीडीओ चांदनी सिंह, एसडीएम विवेक कुमार यादव मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष बोले, डीएम साहब मेरी नेम प्लेट कहां
बागपत। कलक्ट्रेट में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के कुर्सियों पर बैठते ही भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोखर ने डीएम ऋषिरेंद्र कुमार के सामने नेम प्लेट का सवाल उठाया। जिलाध्यक्ष का कहना था कि उनकी अनदेखी की गई है, उनके नाम की भी एक प्लेट यहां पर लगनी चाहिए थी। विधायक योगेश धामा ने इस मामले में हस्तक्षेप किया।