बड़ौत (बागपत)।
ओटीएस योजना का इंतजार कर रहे हजारों उपभोक्ताओं और कर्मचारियों को इस बार तगड़ा झटका लगा है, क्योंकि इस बार योजना लागू नहीं की जा रही है। उधर एसई ने राजस्व वसूली का लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
हर साल मार्च और अप्रैल में पावर कारपोरेशन ओटीएस यानी एकमुश्त समाधान योजना संचालित की करती थी। इस योजना में उपभोक्ता छूट पर बिल जमा कराते थे, वहीं कर्मचारी भी राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा कर लेते थे, लेकिन इस बार पावर कारपोरेशन ने ओटीएस योजना लागू करने से साफ इंकार कर दिया । उप्र जूनियर इंजीनियर संघ के जिलाध्यक्ष और जेई टाऊन इंद्रपाल ने बताया कि इस बार योजना नहीं आएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी कार्रवाई से बचने के लिए समय पर बिल जमा कराएं। यदि कोई उपभोक्ता बकाया बिल दबाए बैठा है, तो उसके खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजने के निर्देश हैं।
उधर, एसई रामबीर सिंह ने कोताना रोड स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय में निगम के कर्मचारियों की बैठक ली, इसमें कहा हर हाल में राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करें। उन्होंने कर्मचारियों को शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसमें अधिशासी अभियंता राहुल शर्मा और वीरेंद्र सिंह, एसडीओ गोपाल, रितेश्वर बंधु, पवन, गुलशन, आलोक, संदीप, विकास, मनोज, एसडीओ चैन सिंह, एसडीओ सुधाकर, जेई विनय कुमार शर्मा आदि रहे।