बागपत। यमुना खादर में बवाल रोकने में नाकाम रही पुलिस ने शुक्रवार को बलवा रोकने का अभ्यास किया। पुलिस लाइन में प्रशिक्षण के लिए आयोजित ड्रिल में एसपी जयप्रकाश की मौजूदगी में अफसरों और सिपाहियों ने बलवा रोकने और भीड़ पर नियंत्रण पाने के तौर-तरीके सीखे।
बृहस्पतिवार को यमुना खादर में बवाल हो गया था। मौके पर सीओ बागपत के अलावा कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार भी थे, लेकिन पुलिस नियंत्रण पाने में चूक गई थी। शुक्रवार को एसपी जयप्रकाश की अगुवाई में एएसपी अजय कुमार सिंह, सीओ दिलीप कुमार, इंस्पेक्टर, दारोगा और सिपाहियों ने बलवा ड्रिल में प्रतिभाग किया। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि बलवा ड्रिल में टियर गैस गन, एंटी राइट गन, पंप एक्शन गन समेत अन्य अभ्यास कराए गए हैं। यमुना खादर प्रकरण से इस ड्रिल का कोई ताल्लुक नहीं है। यह पुलिस की नियमित ड्रिल है। ड्रिल में पुलिसकर्मियों को विशेष परिस्थितियों के लिए तैयार रहने का अभ्यास कराया जाता है।
वीडियो से कराई जा रही पहचान
बागपत। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि खादर प्रकरण के आरोपियों की पहचान वीडियो और फोटो से कराई जा रही है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।