बागपत। यूपी-हरियाणा सीमा विवाद में तीन गांव के किसानों के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किए जा रहे हैं। सोनीपत के प्रशासन का कहना है कि बागपत के अधिकारी सूची तैयार कर उन्हें भेजेंगे तो वह रिकॉर्ड में दर्ज कर लेंगे। कलक्ट्रेट पहुंचे किसानों ने कहा जिला प्रशासन सूची तैयार नहीं कर रहा है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को गौरीपुर, निवाड़ा और सिसाना गांव के किसानों ने कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने बताया दीक्षित आवार्ड के तहत यूपी के किसानों की सैकड़ों एकड़ भूमि हरियाणा के सोनीपत जिले में चली । सैकड़ों किसानों के नाम हरियाणा राजस्व विभाग के अभिलेखों में दर्ज नहीं हैं। किसान सोनीपत के डीसी से मिलेे और अपनी समस्या रखी। उन्होंने कहा यूपी राजस्व विभाग के अभिलेखों के अनुसार वंचित किसानों की सूची उन्हें उपलब्ध हो जाए तो वह अपने यहां अभिलेखों में नाम दर्ज करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया जिला स्तर पर राजस्व और सर्वे विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। वंचित किसानों की कोई सूची जारी नहीं की। कई बार अफसरों से मिल चुके हैं, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एसडीएम विवेक कुमार यादव ने कहा नियमानुसार सूची तैयार कराई जाएगी। कलक्ट्रेट में शिकायती पत्र सौंप कार्रवाई की मांग की। इसमें जयवीर, कायम अली, जगवीरा, वीर सैन, रामपाल, कर्मअली, राजवीर, जसवीर, चंदर, महावीर आदि रहे।