बड़ौत (बागपत)।
दो सप्ताह पहले कुछ लोगों द्वारा चोरी किए लाखों रुपये कीमत के तीन ट्रांसफार्मरों के मामले में शिकायत के बाद भी विद्युत निगम के अफसरों द्वारा कोई जांच न बैठाने पर सोमवार को उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। उन्होंने ने कहा चोरी करने वालों को निगम के स्थानीय अधिकारी बचाने में लगे हैं। उन्होंने मांग पूरी न होने पर निगम के एमडी से शिकायत करने की चेतावनी दी।
उपभोक्ताओं ने कहा10 दिन पहले कुछ लोग नगर की शताब्दी नगर, छपरौली रोड व सुमेर कॉलोनी से करीबन 15 लाख रुपये की कीमत के 250 केवीए के तीन ट्रांसफार्मर चोरी कर ले गए, लेकिन सूचना के बाद भी न तो निगम का कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा था और न ही इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने कहा एक्सईएन प्रथम कार्यालय में तैनात कर्मचारियों की मिलीभगत से उक्त ट्रांसफार्मरों को चोरी किया। उन्होंने कहा निगम के अफसरों ने कर्मचारियों को बचाने के लिए अभी तक इस मामले में कोई जांच नहीं बैठाई।
दूसरी तरफ आईपीडीएस इंचार्ज भानू ने कहा जांच बैठाने और चोरी हुए ट्रांसफार्मरों के मामले में एफआईआर दर्ज कराने की जिम्मेदारी जेई आलोक की है। उन्हें उक्त ट्रांसफार्मरों को हैडओवर किया है। उधर, जेई आलोक ने कहा इस संबंध मेें केवल तहरीर दी है। जांच बैठाने के मामले मेें वे कुछ स्पष्ट नहीं बोल पाएं। एक्सईएन राहुल शर्मा ने कहा हाल ही में उनकी तैनाती हुई है। ट्रांसफार्मर चोरी होने का मामला गंभीर है। जल्द ही जांच कराकर कार्रवाई होगी। प्रदर्शन मेें सोनू, सचिन, अमित, सुमित, प्रमोद, राहुल, राजीव, इमरान, जावेद, अब्दुल आदि रहे।