बागपत। सिल्वरनगर धनौरा गांव की पाइप पेयजल योजना में हुए 13 लाख के घोटाले में पेयजल स्वच्छता समिति पर मुकदमा दर्ज होगा। इसके लिए मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने डीएम भवानी सिंह खंगारौत को निर्देश दिए समिति से धनराशि वसूल कर योजना को पूरा कराया जाएगा। कार्रवाई की पांच दिसंबर तक आख्या मांगी है।
वर्ष 2013-14 में स्वजल धारा धारा योजनांतर्गत निर्माणाधीन पाइप पेयजल योजना के तहत धनौरा सिल्वरनगर में पानी की टंकी सहित अन्य कार्य किए । बजट 32.62 लाख स्वीकृत हुआ। निर्माण के लिए स्वच्छ पेयजल समिति का गठन किया। इसके निर्देशन में निर्माण शुरू कराया । ग्रामीणों ने योजना में लाखों रुपये के गोलमाल की शिकायत डीएम से की। इसकी जांच डीडीओ हुब लाल और जल निगम के अवर अभियंता मोहम्मद हारूण ने की। जांच में गड़बड़ी मिली। पूर्व प्रधान के खेत में 110 एमएम व्यास के 240 मीटर के पीवीसी पाइप पड़े मिले, जिन पर कंपनी का कोई मार्का अंकित नहीं था। एक घेर में 33 मीटर आईएसआई मार्का के जीआई पाइप पड़े मिले । 1304982.00 की गड़बड़ी की। इसकी शिकायत मंडलायुक्त से भी की । जांच समिति से रिपोर्ट तलब की । आदेश दिए 13 लाख रुपये वसूले जाएंगे। मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने डीएम को निर्देश दिए भ्रष्टाचार के लिए पेयजल स्वच्छता समिति के संबंधित सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। जिस धनराशि का दुरुपयोग किया उसको समिति से वसूल कर जल निगम को उपलब्ध कराई जाए, जिससे योजना को पूरा किया जा सके। निर्देश दिए योजना को पूरा कराने का कार्य उत्तर प्रदेश जल निगम के माध्यम से कराया जाए, ताकि समय पर परियोजना पूरी हो सके। डीएम को निर्देश दिए पांच दिसंबर तक आख्या उपलब्ध कराई जाए।
संबंधित अधिकारियों को डीएम ने दिए निर्देश
डीएम ने मंडलायुक्त से मिले आदेश का संज्ञान लेकर सीडीओ चांदनी सिंह, डीडीओ हुब लाल और जल निगम के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए इस संबंध में जल्द कार्रवाई की जाए। इस संबंध में अपनी पत्रावली टिप्पणी सहित प्रस्तुत कराए।