खेकड़ा। नगर पालिका अध्यक्ष एवं सभासद पद के लिए बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। मतदान केंद्रों के बाहर, अंदर परिसर में व्यापक पुलिस बल की तैनाती रही। सीओ खेकड़ा संजीव सुमन, थाना प्रभारी एसपी सिंह पुलिस फोर्स के साथ दिन भर सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। नोकझोंक को छोड़कर चुनाव शान्ति पूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जबकि जैन इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र पर लंबी लाइन लगने के कारण करीब छह बजे तक मतदान हुआ। मतदान समाप्त होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां सुरक्षा व्यवस्था के बीच एमएम इंटर कॉलेज में बनाए स्ट्रांग रूम में मत पेटिया करीब 7 बजे जमा की गई। एसडीएम आशीष कुमार मौजूद रहे। सुबह 9 बजे तक कुल 32357 मतों में से 3236 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद मतदान की गति और तेज हुई। 11 बजे तक 8008 कुल मिलाकर मतदान का प्रतिशत 24.75 पहुंच गया। दोपहर 12 बजे तक 31 प्रतिशत मतदान हुआ। 3 बजे तक मतदान का प्रतिशत बढ़कर 61.75 तक पहुंच गया। शाम 5 बजे तक 32357 मतदाताओं में से 22650 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
थाने भेजे फर्जी वोटर
खेकड़ा। पुलिस ने विभिन्न मतदान केंद्रों के बूथों पर फर्जी वोट डालने के लिए पहुंचे एक दर्जन से अधिक युवकों को दबोच कर थाने भेजा। इन्हें मतदान समाप्त होने के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव सुमन एवं थाना प्रभारी एसपी सिंह ने पुलिस बल के साथ मतदान केंद्रों के आस पास जमावड़ा लगाने वालों को दौड़ाया।
आचार संहिता का उल्लंघन, सात दबोचे
खेकड़ा। पुलिस ने मंगलवार की रात्रि तहसील के समीप स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में मतदाताओं को अपने अपने पक्ष में करने पहुंचे दो प्रत्याशियों के समर्थकों को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने की धाराओं में गिरफ्तार करने के बाद चालान कर दिया। थाना प्रभारी एसपी सिंह ने बताया मंगलवार की रात में तहसील के समीप स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में संगीता धामा एवं नीलम धामा के समर्थक पहुंचेे। वहां वह मतदाताओं को अपने अपने पक्ष में मतदान करने के लिए दबाव बनाने लगे। इसी को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए, तुरंत ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने आदि की धारा में मौके से गुल्लू, निक्की, रीशू, संजय, राहुल, सुभाष को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन में 3 लोगों संदीप, दीपक एवं सभासद पद के प्रत्याशी नरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्जकर पुलिस ने संदीप और दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार किए। सभी 7 लोगों का चालान किया। उधर, अध्यक्ष पद की प्रत्याशी संगीता धामा पक्ष के संजय धामा, धर्मेंद्र धामा तथा 20-25 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।