बड़ौत (बागपत)।
वनस्थली पब्लिक स्कूल में चल रही वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। इस मौके पर विजेताओं को ट्राफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसमें अरिहंत हाउस ने 12 गोल्ड मेडल जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एशियन चैंपियन सुभाष पहलवान, प्रबंध समिति के आशीष जैन, हर्षित जैन, संजय जैन, अमित जैन, रोहित जैन और प्रधानाचार्य रणवीर सिंह ने किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने से बच्चे का मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास होता है। कार्यक्रम में बच्चों ने देश और समाज में फैली कुरीतियों में काला धन, भ्रष्टाचार, बढ़ती महंगाई, कन्या भ्रूण हत्या, दहेज हत्या, बेटी की शिक्षा, बढ़ती जनसंख्या, बाल विवाह आदि पर रंगारंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समा बांधा। प्रबंध समिति के आशीष जैन और हर्षित जैन ने बताया वार्षिक खेल सप्ताह के अंतिम दिन अरिहंत हाउस ने 12 गोल्ड मेडल जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को एशियन चैंपियन सुभाष पहलवान और प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने ट्राफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया संचालन प्रधानाचार्य रणवीर सिंह ने किया। इसमें प्रशिक्षक विवेक तोमर, मनीष, जय कुमार, ललित आदि रहे।