बागपत। सुमित गुर्जर एनकाउंटर को लेकर मेरठ में धरना करने पर सपा नेता अतुल प्रधान पर मुकदमा दर्ज करने का गुर्जर समाज के लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि शासन-प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में चुनाव में भाजपा का विरोध करने की बात कही गई है।
बागपत के गुर्जर भवन में गुर्जर व अन्य समाज के लोगों की मीटिंग हुई। इसमें शामिल लोगों ने कहा कि सुमित की ग्रेटर नोएडा पुलिस ने हत्या की और रूप एनकाउंटर का दिया है। उनकी मांग आरोपी पुलिसवालों पर मुकदमा और केस की सीबीआई जांच की है। इसके लिए दो दिन पहले मेरठ में कमिश्नरी चौराहे पर शांतिपूर्ण तरीके से धरना दिया । इसके बाद भी सपा नेता अतुल प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। प्रशासन नेताओं के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी आवाज को दबाना चाहता है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि शासन-प्रशासन एकतरफा कार्रवाई करना बंद करें, वरना आंदोलन होगा। बैठक में चुनाव में भाजपा का विरोध करने की बात कही। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों के गुर्जर समाज को आंदोलन में शामिल किया जाएगा। महासभा के अध्यक्ष टीकम सिंह, भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर, कपिल बंसल, राधेश्याम शर्मा, महिपाल सिंह, वीरेंद्र भड़ाना, धूम सिंह, नरेश त्यागी आदि मौजूद रहे।