बागपत। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना व विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण एवं टूल किट वितरण मेले का आयोजन किया गया। इसका प्रसारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में एनआईसी में किया।
जिलाधिकारी राजकमल यादव ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को दो टूल किट वितरण की। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना अंतर्गत अमित धामा को आटा चक्की उद्योग के लिए आठ लाख 75 हजार रुपए का ऋण वितरण किया। विकास को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना अंतर्गत रेडीमेड गारमेंट उद्योग के लिए पांच लाख का ऋण और आशुतोष को होम फर्निशिंग प्रोजेक्ट के लिए पांच लाख का ऋण दिया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से अभ्यर्थियों को (डीआईयूपीएमएसई डॉट यूपीएसडीसी डॉट जीओवी डॉट इन) पर आवेदन करना होगा। जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के माध्यम से विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना अंतर्गत विभिन्न ट्रेड जैसे लोहार, कुम्हार, दर्जी ,बढ़ाई, राजमिस्त्री, हलवाई ,सुनार ,मोची, नाई को एक सप्ताह की ट्रेनिंग दी जाती है। ट्रेनिंग के पश्चात प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों को एक टूल किट व 15 हजार रुपये दिए जाते हैं। इन ट्रेड के अंतर्गत आने वाले पात्र व्यक्ति अपना पंजीकरण कराकर योजना का लाभ ले सकते हैं। इस मौके पर जीएम डीआईसी हिमांशु गंगवार, सहायक आयुक्त उद्योग अर्चना तिवारी मौजूद रही।