बागपत। चुनाव आचार संहिता लगने के बाद पुलिस राजनीतिक दलों के होर्डिंग उतरवाने में लगी हुई है। मंगलवार को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सिसाना गांव में पुलिस कर्मियों ने दीवारों पर लिखे नारों पर पेंट किया।
आचार संहिता के बावजूद जगह-जगह सियासी स्लोगन, नारे, पोस्टर और होर्डिंग लगे हैं। जिला अभी तक क्लीन नहीं हो सका है। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने मंगलवार को सिसाना गांव में मकानों की दीवारों पर राजनीतिक पार्टियों के स्लोगन लिखे देखे तो उन्होंने कोतवाली पुलिस को स्लोगन पेंट कराने के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश पर पुलिस कर्मी पेंट लेकर सिसाना गांव पहुंचे। दीवारों पर लिखे स्लोगन पर पेंट कराया। एसपी ने बताया कि चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। कहीं पर भी उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा। राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग, बैनर, स्लोगनों को हटवाया जा रहा है।
शांति भंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
दोघट (बागपत)। लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी पुलिस ने मंगलवार को दोघट, भड़ल, पुसार, पलड़ा, फौलादनगर आदि गांवों में बैठक की। क्षेत्रवासियों से चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की। एसओ अजय शर्मा ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर मंगलवार को कई गांवों में बैठक की। चुनाव में शांतिभंग करने वाले व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर हरेंद्र कुमार, अजय, धर्मेंद्र, तहसीम, राजेंद्र, महक सिंह, सुरेंद्र आदि रहे।