दोघट (बागपत)। भड़ल गांव में चर्म शोधन इकाइयों को लेकर दोनों पक्षों का धरना रविवार को भी जारी रहा। प्रशासन द्वारा मामले में कोई कार्रवाई न करने से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। दूसरी तरफ भड़ल गांव में चर्म शोधन इकाइयों के विरोध में चल रहे ग्रामीणों के धरने पर छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने पहुंचकर वार्ता की। उन्होंने कहा कि इकाइयों को स्थानांतरित कराने के लिए प्रशासन से बातचीत चल रहा है। जल्दी ही इकाइयों को गांव से बाहर करा दिया जाएगा। सोमवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधि मंडल व प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बड़ौत में विधायक के आवास पर वार्ता होगी। इस मौके पर सुभाष सिंह, देवेंद्र राणा, राजीव प्रधान, संजय सिंह, रमेश राणा भी उनके साथ रहे।
चर्म शोधन इकाइयों के विरोध में चल रहे ग्रामीणों के धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन चर्म शोधन इकाइयों को गांव से बाहर स्थानांतरित कराने में ढिलाई कर रहा है, जिस कारण लोगों में आक्रोश पनप रहा है। प्रशासन चाहे तो एक दिन में इकाइयों को स्थानांतरित करा सकता है, लेकिन प्रशासन ग्रामीणों के हित में काम नहीं कर रहा है। 26 अक्तूबर तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो महापंचायत कर आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। इस मौके पर जोगेंद्र, ब्रहम सिंह, विक्रम, जितेन्द्र, जौहर, प्रविंद्र, रमेश, संजीव, बेदू, महिपाल, राजा, कर्ण, यशपाल, रामपाल फौजी, केशपाल, रूपेंद्र, भोपाल, नरेश आदि उपस्थित रहे।
वहीं चर्म शोधन इकाइयों के संचालकों का भी धरना जारी है। वक्ताओं ने कहा कि रोजगार बंद होने से दो हजार लोग भूखे मर रहे हैं। उनका रोजगार चालू कराया जाए। इस मौके पर सुनील, राजेंद्र, रामदास, भगवानदास, कृष्ण, प्रकाश, सुंदर, अतर पाल, वेदप्रकाश, मुकेश, पिंकी, संतोष, फूलो, श्यामो, विद्या, शीला आदि उपस्थित रहे।