बिनौली (बागपत)।
मेरठ में चल रही तीन दिवसीय मंडलीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी में बरनावा के उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र छात्राओं ने अपने माडल प्रस्तुत कर प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में एक माडल को प्रथम स्थान मिला।
मेरठ स्थित एमआईईटी इंस्टीट्यूट में 13 से 15 सितंबर तक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद लखनऊ के सौजन्य एवं क्षेत्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र गाजियाबाद के तत्वाधान में तीन दिवसीय मंडलीय विज्ञान प्रदर्शनी हुई। इसमें मंडल के विभिन्न जनपदों के परिषदीय, अर्द्ध सरकारी और सीबीएसई के स्कूलों के छात्र छात्राओं ने अलग अलग वर्गों में अपने माडल बनाकर प्रदर्शित किये। प्रदर्शनी में जनपद बागपत की ओर से पूर्व माध्यमिक विद्यालय बरनावा के रुकसार, मुस्कान, समीर आदि छात्र छात्राओं ने भी पवन चक्की, जल स्रोत व जल चक्र संबंधी माडल बनाकर प्रस्तुत किए। इनमें से जूनियर विज्ञान के प्रायोगिक चमत्कारों व विज्ञान प्रयोगों के प्रदर्शन व व्याख्या प्रतियोगिता में मुस्कान व समीर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहे। इसके अलावा जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालय काठा की तान्या जूनियर विज्ञान निबंध प्रतियोगिता में प्रथम, जूनियर स्लोगन और पोस्टर प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय काठा के बॉबी तृतीय रहे। खंड शिक्षाधिकारी बिनौली सतीश शर्मा ने विज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम स्थान पर रहने वाले छात्र छात्राओं एवं उनकी प्रेरक अध्यापिका शालू सिंह को साधुवाद दिया तथा पुरस्कृत करने की भी घोषणा की।