बड़ौत (बागपत)। बड़ौत-छपरौली रोड पर बेखौफ दौड़ रहे डग्गामार वाहन हर माह विभाग को लाखों का चूना लगा रहे है, वहीं डग्गामार वाहन चालक अत्यधिक सवारियों को भरकर धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं और यात्रियों की जान को जोखिम मेें डाल रहे हैं। मंगलवार को यात्रियों की मुसीबत सीएम के कार्यक्रम के चलते और बढ़ गई। क्योंकि रूट डायवर्जन के चलते मुख्य मार्गों पर बसों का अभाव रहा। इस कारण यात्रियों को डग्गामार वाहनों में दोगुना किराया देकर सफर करना पड़ा।
परिवहन विभाग के अफसरों की ढीली कार्यशैली विभाग पर ही भारी पड़ रही है। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बसों के संचालन में की जा रही लापरवाही से मार्ग पर डग्गामार वाहनों का बोलबाला है। इससे जहां विभाग के राजस्व को हर माह लाखों का चूना लग रहा है, वहीं सवारियों की जान पर खतरा बना हुआ है। अनिल, सुनील, अंकित, प्रवीण, अमरदीप, पुष्पेंद्र, शुभम, आंचल, ज्योति आदि यात्रियों का कहना है कि दिन मेें तो चार-पांच बसें संचालित होती हैं, लेकिन शाम छह बजे के बाद बसेें नहीं चलतीं, जिससे डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि बसों की कमी के चलते डग्गामार वाहन चालक यात्रियों से मनचाहा किराया वसूलते हैं। लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस संबंध में एआरएम योगेश का कहना था कि जल्द ही बसों का संचालन ठीक कराया जाएगा। सीएम के कार्यक्रम के चलते बसों का संचालन करने मेेें रूट डायवर्जन के चलते परेशानी हुई।