दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव में ग्रामीणों ने पॉलिथीन की होली जलाकर इसका उपयोग न करने की शपथ ली। उन्होंने दुकानदारों को कपड़े के थैले बांटे और गांव पॉलिथीन रहित बनाने के लिए लोगों को जागरूक किया।
निरपुड़ा गांव में ग्रामीणों ने पॉलिथीन का बहिष्कार कर ढोल नगाड़ों के साथ पॉलीथिन की होली जलाई। गांव में घूम-घूमकर लोगों को जागरूक करते हुए दुकानदारों को कपड़े के थैले वितरित किए। इस दौरान लोगों का कहना था कि पॉलिथीन से पर्यावरण दूषित हो रहा है और इसी के साथ-साथ खेतों को भी नुकसान हो रहा है। इस पर बैन लगाकर सरकार ने सराहनीय कदम उठाया है। निर्णय लिया गया कि पॉलिथीन में सामान देने वाले दुकानदारों को जुर्माने के तौर पर दो दिन के लिए दुकान बंद करनी होगी। इस मौके पर कृष्णपाल, सत्यपाल सिंह, जगपाल, बेगराज, राजीव राणा, ब्रह्म सिंह, सतेंद्र सिंह, देवेंद्र, किरण पाल, वीरेंद्र सिंह, प्रभात, विकास आदि मौजूद रहे।