बागपत। सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक तीन ब्लॉक में 40 हजार विद्युत मीटर लगाएंगे। वहीं जिले में इन्हीं सेंटरों पर विद्युत बिलों का उपभोक्ता भुगतान भी कर सकेंगे। रविवार को विकास भवन सभागार में सभी संचालकों को विद्युत निगम के कर्मचारियों ने प्रशिक्षण दिया। बारीकी से मीटर लगाने की जानकारी दी। दिसंबर तक जिले में हर घर में मीटर लगाना है।
विकास भवन सभागार में कार्यशाला एवं प्रशिक्षण का आयोजन किया। इसमें सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक और विद्युत निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधीक्षण अभियंता रामबीर सिंह ने बताया कि जिले पिलाना, खेकड़ा और बागपत के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत मीटर लाएंगे जाएंगे। इसके लिए सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। तीनों ब्लॉक में 40 हजार विद्युत मीटर लगाएं जाएंगे। ब्लॉक के गांवों में सेंटर चला रहे संचालकों की अहम भूमिका रहेगी। प्रति मीटर 300 रुपये का भुगतान विद्युत निगम करेगा। वहीं इन्हीं सेंटरों पर बिजली बिलों का भी भुगतान होगा। इसका वह उपभोक्ताओं से पैसा नहीं लेंगे। 10 हजार के बिल पर उन्हें 20 रुपये मिलेंगे। वहीं इससे ऊपर है तो .25 प्रतिशत से धनराशि का भुगतान होगा। उन्होंने बताया कि जो संचालक मीटर लगा देंगे और ऑनलाइन मीटर जनरेट हो जाएगा और उपभोक्ता को बिल मिल जाएगा। इसके बाद ही उन्हें 300 रुपये का भुगतान होगा। एसई ने बताया कि जिले को दिसंबर 2018 तक कटिया मुक्त करना विभाग का लक्ष्य है। सीएससी के जिला प्रबंधक रोहित कुमार ने बताया कि सभी संचालकों को इसकी जानकारी दे दी गई है। मीटर और बिलों के संबंध में समझाया है। जुलाई से ही संचालक इसमें कार्य करेंगे। इस बैठक में सभी एसडीओ, जेई और संचालक संचालक मौजूद रहे।