खंभे मेें करंट से सांड़ मरा, निगम के खिलाफ प्रदर्शन
बड़ौत (बागपत)।
खंभे में करंट उतरने से बुधवार को बिजरौल गांव में एक सांड़ मर गया। इसकी सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया। बाद में पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया।
बुधवार को काफी संख्या मेें ग्रामीण प्रधान प्रतिनिधि रूपेंद्र के नेतृत्व में एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। प्रधान प्रतिनिधि रूपेंद्र ने बताया कि गांव में लगे अधिकांश विद्युत पोल में किन्हीं कारणों से पिछले एक सप्ताह से करंट आया हुआ है। कई बार स्कूल जाने वाले बच्चे और महिलाएं करंट की चपेट मेें आने से बाल-बाल बचे। इसकी सूचना अवर अभियंता विकास कुमार सहित अन्य अफसरों को दी। आरोप है कि सूचना के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते बुधवार को खंभे मेें करंट उतरने से चपेट में आकर सांड़ मर गया। आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। उधर, अवर अभियंता विकास कुमार ने कहा कि मौके पर कर्मचारियों को भेजा । इनमें हरपाल, नवीन, राजेंद्र, भगत सिंह, संजीव, प्रमोद, रमेश, आशीष, कल्लू शामिल रहे।
कुत्तों ने बछड़े को मार डाला
बड़ौत (बागपत)। दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के मैदान पर आवारा कुत्तों ने एक बछडे़ को नोंचकर मार डाला। सूचना के बाद जब नगरपालिका के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे तो हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस पहुंची। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर मेें गोवंश कटान किया जा रहा है। यह बछड़ा भी किसी तरह कटान से जान बचाकर भागा होगा और कुत्तों ने इससे अपना निवाला बना लिया। इस पर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। हंगामा करने वालों में नितिन जैन, राजेश जैन, अंकित, सचिन, दीपक राणा, रवि, सुभाष आदि शामिल रहे।