बागपत। केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने मंच से बागपत की समस्याओं को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के समक्ष रखा। उन्होंने मलकपुर चीनी मिल के बकाया भुगतान, सड़कों की हालत बताई। उन्होंने कहा कि किसानों को कर्ज नहीं, भुगतान के तौर पर अपना हक चाहिए।
महर्षि कश्यप की जयंती पर आयोजित सभा में केंद्रीय राज्यमंत्री ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग को प्रदेश सरकार से एनओसी दिलाने पर डिप्टी सीएम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मलकपुर चीनी मिल किसानों का भुगतान नहीं कर रही है। भुगतान न होने से किसान बर्बादी की कगार पर हैं। बीमारों का इलाज और बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। डिप्टी सीएम से कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास करें। उन्होंने बागपत की सड़कों की समस्याएं रखी और कहा कि हवाई सर्वेक्षण कर लें, स्थिति का पता चल जाएगा। आम आदमी को उसका हक मिलना चाहिए। आरक्षण कश्यप समाज का हक है, इस पर समाधान के रास्ते निकाले जाने की जरूरत है।
धर्मेंद्र कश्यप को कहा दबंग
बागपत। केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री डॉ सत्यपाल सिंह ने हंसी मजाक में आंवला के सांसद को दबंग भी कहा। मंच से उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र दबंग हैं।
पिछड़े नहीं, पछाड़े गए : धर्मेंद्र कश्यप
आंवला के भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज पिछड़ा समाज नहीं, बल्कि पछाड़ा गया समाज है। समाज की शैक्षिक, आर्थिक, सामाजिक स्थिति कमजोर है। सरकार कश्यप समाज को संरक्षण देने का काम करें। आरक्षण की मांग उठाई जा रही है, जिसे पूरा किया जाना चाहिए। समाज को एकजुट होकर रहना होगा। सामाजिक परिवर्तन शुरू हो गया है। गरीबों की लड़ाई लड़ी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों को उनका जरूर मिलकर रहेगा।
आरक्षण और कनेक्शन जरूर मिलें: योगेश धामा
भाजपा विधायक योगेश धामा ने कहा कि कश्यप समाज को आरक्षण मिलना चाहिए। इसके अलावा ट्यूबवेलों के कनेक्शन भी दिए जाने चाहिए। बागपत में बस स्टैंड और किसानों के बकाया भुगतान की समस्या डिप्टी सीएम के सामने रखी।
सरकार ने कराए है विकास कार्य: मलिक
बड़ौत के भाजपा विधायक केपी मलिक ने कहा कि यूपी सरकार ने एक साल में विकास कार्य कराए हैं। सरकार सबका साथ और सबका विकास के नारे के साथ काम कर रही है। यही वजह है कि आम आदमी वर्तमान सरकार को अपनी सरकार मानकर चल रहा है।