बड़ौत (बागपत)।
बड़ौत तहसील क्षेत्र के अंतर्गत नगर व क्षेत्र में बनाए गए 28 परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार को द्वितीय पाली मेें भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच अंग्रेजी द्वितीय का पेपर संपन्न कराया गया। इसी के साथ एक माह से चल रही यूपी बोर्ड परीक्षा भी संपन्न हो गई।
बता दें कि 27 फरवरी को अंग्रेजी द्वितीय का पेपर आउट होने के बाद परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लिया गया था। मंगलवार को नगर व क्षेत्र के 28 परीक्षा केन्द्रों पर सघन चेंकिग के बीच परीक्षा संपन्न कराई गई। एसडीएम अरविन्द कुमार द्विवेदी, डीआईओएस पीके मिश्रा सहित शिक्षा विभाग की टीम ने जेवी इंटर कॉलेज, दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी की।
उधर जेवी इंटर कॉलेज में संकलन केंद्र प्रभारी डा. रेखा सिंह ने बताया कि सघन चेंकिग के दौरान परीक्षा संपन्न हो गई। जल्द ही मूल्यांकन शुरू किया जाएगा। उधर छात्र विवेक, दीपक, संदीप का कहना था कि पूरी मेहनत के साथ परीक्षा दी है। टेंशन अब खत्म हो चुकी है। छात्रा नेहा, साक्षी, ममता ने बताया कि परीक्षा के दौरान न तो टीवी ही देखा और न ही घरेलू कार्य में सहयोग दिया। पूरे महीने परीक्षा की तैयारियों में जुटे रहे। उन्होंने परीक्षा में अच्छे अंक आने की उम्मीद जताई।
उधर नगर में जेपी पब्लिक स्कूल, वनस्थली पब्लिक स्कूल, ग्रोवेल गर्ल्स स्कूल व कुमकुम मोदी पब्लिक स्कूल को सीबीएसई बोर्ड का परीक्षा केन्द्र बनाया गया था। वनस्थली पब्लिक स्कूल की प्रबंध समिति के आशीष जैन व हर्षित जैन ने बताया कि स्कूल में माउंट लिटरा स्कूल, रेजोनेंस पब्लिक स्कूल, गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल व एमजेएम पब्लिक स्कूल का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां हाईस्कूल में 365 व इंटर में 295 बच्चे पंजीकृत है। मंगलवार को हाईस्कूल विज्ञान के पेपर में 25 छात्र अनुपस्थित रहे।
जेपी पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर गौरव शर्मा ने बताया कि स्कूल में कुमकुम मोदी, विद्या सागर, मिनर्वा पब्लिक स्कूल, सनबीम दोघट, योगीनाथ विद्यापीठ सरूरपुर, एलपाइन लंबू व देव पब्लिक स्कूल भड़ल का परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। यहां दो छात्र अनुपस्थित रहे।