छपरौली (बागपत)। पूर्व चेयरमैन संजीव खोखर ने दोबारा मतगणना होने पर आठ मत से जीत हासिल कर चेयरमैन की सीट पर कब्जा किया। इसमें संजीव को 2657 और योगेंद्र को 2649 वोट मिले। इस दौरान दोनों उम्मीदवारों के समर्थक मतगणना केंद्र के बाहर जमा रहे।
शुक्रवार को बड़ौत के कृषि उत्पादन मंडी समिति से लेकर छपरौली तक चुनाव परिणाम को लेकर काफी समय तक संशय बना रहा। पहले घोषित नतीजों में दोनों प्रत्याशियों को 2659 मत बताए गए । वोट बराबर हुए तो दोनों प्रत्याशी और समर्थकों की धड़कने बढ़ गई। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि दोनों की सहमति से दोबारा मतगणना कराई गई। इसमें संजीव खोखर 2657 वोट हासिल कर दूसरी बार चेयरमैन बनें, जबकि योगेंद्र को 2649 वोट ही मिले। भाजपा के डॉ. अमित खोखर ने 1313 वोट हासिल किए। अध्यक्ष पद के लिए यहां 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहे। यहां सपा के नगेंद्र को 34 वोट मिले। जबकि बसपा के कालू कुरैशी को 809 वोट मिले, जबकि उनके भाई निर्दलीय उम्मीदवार हारुण कुरैशी को 193 वोट मिले।