बागपत। स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे दावेदार और उनके समर्थकों पर पुलिस की नजर है। इसे देखकर शनिवार देर रात तक सीओ दिलीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। शहर के राष्ट्रवंदना चौक पर वाहनों की चेकिंग कर शहर के विभिन्न मार्गों पर गश्त की।
स्थानीय निकाय चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, चुनाव लड़ने के दावेदार और उनके समर्थक ज्यादा सक्रिय हो रहे हैं और वोटरों को लुभाने के लिए हर हथकंडे अपना रहे हैं। कुछ दावेदारों ने तो मतदाताओं को शराब बाटना शुरू कर दिया है। शनिवार को शाम के समय यूपी-हरियाणा सीमा पर निवाड़ा चौकी पुलिस ने कार में शराब लाते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया था कि वह बागपत के राष्ट्रवंदना चौक पर शराब लेकर जा रहा था। वहां पर उसको एक आदमी मिलना है। पुलिस को पूरी आशंका है कि यह शराब चुनाव में सप्लाई होने के लिए मंगवाई गई है। शराब किसने मंगवाई, इसका अभी पता नहीं चला।
चुनाव को देखकर पुलिस की दावेदार और उनके समर्थकों पर नजर लगाए हैं। सीओ दिलीप सिंह के नेतृत्व में शनिवार देर रात तक कोतवाली पुलिस ने शहर के राष्ट्रवंदना चौक पर चेकिंग अभियान चलाया। कई नेताओं के वाहनों की तलाशी ली, लेकिन किसी वाहन से प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली। शहर की शौकत मार्केट, यमुना रोड, बड़ा बाजार, कोर्ट रोड पर पैदल गश्त किया। भीड़ लगाकर खड़े लोगों को पुलिस ने खदेड़ा। सीओ का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।