बागपत। शहर के बिजली घर में तकनीकी खराबी होने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई । इस कारण नगर में बार-बार कट लगते रहे। ग्रामीण क्षेत्र में तो कई घंटे बिजली गुल रही। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बागपत नगर के 132 केवी बिजलीघर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई । इसकी जानकारी निगम की ट्रांसमिशन टीम को दी । कर्मचारियों ने वहां पर पहुंचकर काम शुरू कर दिया । इससे विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इसके लिए गाजियाबाद और अन्य बिजलीघरों से बिजली की सप्लाई की गई। इसके बाद भी बिजली के लगातार कट लगते रहे। ग्रामीण क्षेत्र में तो मंगलवार की रात में कई घंटे बिजली गुल रही। बिजली से होने वाले कामकाज ठप पड़े रहे। इससे लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। लोगों ने मांग की निगम को ऐसे स्थिति में अलग से लाइट की व्यवस्था करनी चाहिए। ताकि किसी को परेशानी न हो। एक्सईएन राजवीर सिंह ने कहा बिजली घर में तकनीकी खराबी आने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित रही है।