पांच टीमें गठित, 150 लोगों से पूछताछ
अमीनगर सराय (बागपत)। कस्बा के सराफ के शोरूम में हुई 50 लाख रुपये की लूट के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की गई है। इनमें सभी तेज तर्रार पुलिस वाले है। आईजी ने बुलंदशहर के एसपी क्राइम राशिद खान को अलग से टीम के साथ भेजा है। टीम दिल्ली, मेरठ समेत कई स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि 150 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। कई अहम क्लू हाथ लगे हैं। उन पर काम किया जा रहा है। जल्द ही कामयाबी मिल जाएगी।
सराफ के शोरूम में 50 लाख की लूट का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। आईजी रामकुमार ने बृहस्पतिवार रात व्यापारियों के बीच पहुंचकर आश्वासन दिया था कि केस का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए अलग से बुलंदशहर के एसपी क्राइम राशिद खान को लगाया है। क्राइम ब्रांच समेत पांच टीमें लगी हुई है। इनमें सिंघावली अहीर, बिनौली, बालैनी शामिल है। पुलिस संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सहायक पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन का कहना है कि टीमें बागपत के अलावा मेरठ, गाजियाबाद, दिल्ली समेत कई स्थानों पर दबिशें दे रही है। 150 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। कई अहम क्लू हाथ लगे हैं। उन पर काम किया जा रहा है। जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।
नौकरों से भी ली गई जानकारी
अमीनगर सराय। पुलिस ने शोरूम में काम करने वाले नौकरों से भी जानकारी ली। कस्बे में खुफिया तंत्र सक्रिय है।
लुटेरों का खंगाला जा रहा रिकार्ड
अमीनगर सराय। जनपद में लूट की वारदात को अंजाम देने वालों की रिकार्ड खंगाला जा रहा है। पता लगाया जा रहा है कि कौन अपराधी जेल में है और कौन जमानत पर है। कई लूट के आरोपियों से भी पूछताछ चल रही है।
पहले नौ, अब 11 पुलिस वाले चौकी पर तैनात
अमीनगर सराय। कस्बा की चौकी पर पहले नौ पुलिस वाले तैनात थे। अब पुलिसव ालों की संख्या बढ़ा दी है। वहां पर 11 पुलिस वाले तैनात किए गए है।