हाईवे पर हादसे में बाइक सवार की मौत
बागपत। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे स्थित कलक्ट्रेट के सामने ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। शव क्षत विक्षत हालत में काफी देर तक रोड पर पड़ा रहा। इससे वहां जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
निवाड़ा गांव निवासी इंतजार (45) भैंसा-बुग्गी चलाता था। परिजनों के मुताबिक पिछले कई दिनों से इंतजार की तबियत खराब चल रही थी। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बाइक पर सवार होकर दवा लेने के लिए बागपत आ रहा था। जैसे ही कलक्ट्रेट के सामने पहुंचा, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को कुचल दिया। इससे इंतजार की मौके पर ही मौत हो गई। शव क्षत विक्षत हालत में हो गया। राहगीरों ने शोर मचा दिया। आरोपी चालक मौका पाकर ट्रक को छोड़कर भाग गया। मौके पर काफी लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और रोड से ट्रक हटवाकर जाम खुलवाया। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली में अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक इंतजार के चार बेटे और चार बेटी है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।