अधिक यूरिया खरीदने पर किसानों की जांच शुरू
बागपत। सूबे में यूरिया वितरण की जांच शुरू हो गई है। ऐसे किसानों की जांच की जा रही है, जिन्होंने अधिक यूरिया की खरीद की है। जिले में 17 किसानों ने 185 मीट्रिक टन यूरिया खरीदा है। इन किसानों के पास यूरिया की खपत की जांच की जा रही है। कृषि विभाग ने अधिक यूरिया खरीदने वाले किसानों की जांच शुरू कर दी है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जिले के 17 किसानों ने खरीफ सीजन में 185.135 मीट्रिक टन यूरिया की खरीद की है। एक किसान ने लगभग 240 बोरे की खरीद कर ली। यूरिया की अधिक खरीद होने पर किसानों के खिलाफ जांच की जा रही है कि किसानों ने इतने अधिक यूरिया की खरीद किस लिए की है।
दो डीलरों के लाइसेंस निरस्त, तीन के खिलाफ जांच जारी
जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि मानक के अनुरूप उर्वरक की बिक्री न करने पर पांच उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ नोटिस जारी किया। इनमें से दो डीलरों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं, जबकि तीन डीलरों की जांच जारी है। जांच के बाद अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
मानक के अनुसार प्रयोग करें यूरिया
जिला कृषि रक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जिले की सभी समितियों पर यूरिया की उपलब्धता है। किसान मानक के अनुसार ही फसलों में यूरिया का प्रयोग करें। यूरिया का अधिक प्रयोग करने से फसलों में कीट और रोग लगने की आशंका अधिक रहती है। किसान यूरिया की खरीद के दौरान आधार कार्ड साथ लेकर आए और पीओएस मशीन से ही उर्वरक की खरीद करें।
बिक्री रजिस्टर में सही मिल रही उर्वरक की डिटेल
एआर (सहकारिता) देवेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान एक किसान ने कई कई किसानों के लिए उर्वरक खरीद लिए थे। इस कारण उर्वरक बिक्री रजिस्टर में सही मिल रही है, जबकि पीओएस मशीन के आधार पर उर्वरक के स्टॉक में कमी मिल रही है।
उर्वरक का नाम उर्वरक का लक्ष्य उर्वरक की ब्रिकी
यूरिया 10955 9740
डीएपी 3272 3918
एपीके 365 195
कुल 14592 13802
नोट- 1- उर्वरक का लक्ष्य एवं बिक्री मीट्रिक टन में है तथा बिक्री का आंकड़ा 14 अगस्त तक का है।