जलभराव से क्षुब्ध ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बड़ौत। अंगदपुर-जौहड़ी गांव के मेन बस स्टैंड पर जलभराव से आजिज ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग उठाई। शुक्रवार को काफी संख्या में ग्रामीण बड़ौत-मेरठ मार्ग पर मेन बस स्टैंड के पास एकत्र हुए। उनका कहना था कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण काफी दिनों से ग्रामीणों को जल भराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
इस मेन बस स्टैंड पर अंगदपुर, जौहड़ी व आरिफपुर खेड़ी के सैकड़ों ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इसके अलावा सिरसली, बड़ावद के ग्रामीण भी इसी बस स्टैंड से होकर जलभराव से गुजरने को मजबूर हैं। मेन रोड पर जलभराव से दुघर्टनाओं की भी आशंका बनी रहती है। इसके अलावा जलभराव से आसपास गंदगी का साम्राज्य व्याप्त है, जिस कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। कई बार प्रधान सहित ब्लाक व तहसील मेें शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे ग्रामीणों में रोष उत्पन्न हो रहा है। यदि जल्द इसका समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदेालन पर उतारू हो जाएंगे।
बीडीओ प्रेमचंद का कहना था कि सचिव को गांव भेजकर जांच कराई जाएगी और जल्द ही समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। मांग करने वालों मेें महेश तोमर, राकेश, सुभाष, बिजेन्द्र, नरेन्द्र, यशपाल, सौप्रसाद, राजेंद्र, ओमवीर, विकास, राजू, संजय आदि शामिल रहे।