बागपत। लोगों की सुविधा के लिए बनाए अंडरपास बरसात में परेशानी का कारण बनते जा रहे है। रेलवे विभाग की ओर से जल निकासी का कोई प्रबंध नहीं किया गया है। लोगों की शिकायत पर विभाग पूरी तरह मौन है। लोग रेलवे मंत्रालयों से लेकर विभाग के अधिकारियों को सैकड़ों शिकायत भेज चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
देहात को हाईवे और संपर्क मार्ग से जोड़ने के लिए रेलवे विभाग ने 10-15 जगह अंडरपास बनवाए है ताकि लोगों को ट्रेनों से होने वाले हादसों और परेशानी से बचाया जा सके। लेकिन यही अंडरपास लोगों के लिए जी का जंजाल बन गए है। इनमें कई-कई फुट तक पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। गांवों के लोगों को ज्यादा दूरी तय कर अपने ठिकानों पर पहुंचना पड़ रहा है। जो सुविधा लोगों को दी गई, वह अब असुविधा बनती जा रही है। जल निकासी का रास्ता न होने से हर अंडरपास में यह समस्या है। ब्राह्मण पुट्ठी गांव में पानी भरा है। समस्या से निजात पाने के लिए लोग सैकड़ों बार शिकायती पत्र रेलवे विभाग को दे चुके हैं। जनप्रतिनिधियों के सामने भी दुखड़ा सुनाया है, लेकिन कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है। सबसे बड़ी बात है बारिश के दिनों में अंडरपास तरणताल बन जाता है और लोगों का यहां से आना-जाना बंद हो जाता है। असारा, बड़ौत समेत समेत कई गांव में अंडरपास परेशानी का सबब बने हुए हैं।
लोगों के सफर की दूरी बढ़ी
अंडरपास ने लोगों के सफर की दूरी बढ़ा दी है। जिस जगह भी रेलवे ने अंडरपास बनवाए, वहां लोगों को कई-कई किमी तक घूमकर जाना पड़ रहा है। दूरी बढ़ने से लोगों को दिक्कत हो गई है। छोटे वाहनों के सामने सबसे ज्यादा परेशानी है।