आज रात से मेरठ-बागपत मार्ग पर रेलवे फाटक से नहीं गुजरेंगे वाहन
अग्रवाल मंडी टटीरी। दिल्ली-सहारनपुर रेलवे लाइन में मरम्मत कार्य के चलते बृहस्पतिवार रात बागपत-मेरठ मार्ग पर यातायात बाधित रहेगा। बागपत रोड रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने कोतवाली प्रभारी से रूट डायवर्ट करने के लिए पत्र लिखा है।
बागपत रोड रेलवे स्टेशन के समीप दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर रेल लाइनें जर्जर है। बृहस्पतिवार रात आठ बजे से मरम्मत कार्य शुरू होगा और शुक्रवार सुबह छह बजे तक कार्य चलेगा, जिसके चलते मेरठ-बागपत मार्ग पर पूरी तरह आवागमन प्रभावित रहेगा। इस मार्ग पर चलने वाले वाहनों को अन्य मार्गों से निकाला जाएगा। ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हो सकता है। स्टेशन अधीक्षक सतीश शर्मा ने बताया कि बागपत रोड स्टेशन के एक केबिन के गेट संख्या 28 पर पुराना ट्रैक होने के कारण रेल गाड़ियों के आवागमन के लिए सुरक्षित नहीं है। मेरठ-बागपत मार्ग पर ट्रैक बदलने के कारण वाहनों को नहीं गुजरने दिया जाएगा। इसके लिए कोतवाली प्रभारी को पत्र लिख दिया गया है। इस मार्ग पर चलने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया जाए। इसके अलावा रेलवे फाटक पर पुलिस बल की भी तैनाती की मांग की है।
------------------
बली गांव के फाटक और महनवा के अंडरपास से निकलेंगे वाहन
बागपत। वाहन चालकों को फाटक बंद रहने से परेशानी होगी, जिसे देखते हुए बली फाटक से बड़े वाहन गुजरेंगे। वहीं छोटे वाहनों को सूरजपुर महनवा अंडरपास से निकाला जाएगा। मेरठ-बागपत मार्ग पर दिनभर में छोटे-बड़े सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। रात को बड़े और भारी वाहनों का आवागमन बढ़ जाता है। फाटक के बंद रहने से इन वाहनों को गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत होगी।