बड़ौत (बागपत)। सीएचसी में बुधवार को स्वास्थ्यकर्मियों, आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम की बैठक हुई। इसमेें सीएचसी अधीक्षक ने स्वास्थ्य कर्मियों को घर-घर जाकर टीबी के मरीजों की खोज कर उनकी जांच कर इलाज शुरू करने के निर्देश दिए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को बताया कि 11 से 29 जून तक नगर व क्षेत्र में घर-घर टीबी के मरीजों को तलाशने का अभियान चलाया जाएगा, इसमें पठानकोट, गुराना, औसिक्का, बड़ावद, इदरीशपुर, कोताना सहित कई गांवों को चिह्नित किया है। इस कार्य को पूरा करने के लिए 16 टीमों का गठन किया है। उन्होंने बैठक मेें गठित टीम के सदस्यों को नगर व क्षेत्र के गांवों के प्रत्येक घर मेें जाकर टीबी के मरीजों की खोज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही टीबी के मरीजों के मिलने पर उनका इलाज और दवा शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। संचालन ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक सचिन मलिक ने किया। इसमें जतिन शर्मा, सचिन शर्मा, महेश दीक्षित, सुखवीर सिंह, कृष्णपाल आदि शामिल रहे।