दोघट (बागपत)।
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सगोत्रीय विवाह से समाज में अव्यवस्था फैलेगी। सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करते हैं, लेकिन इस फैसले पर कोर्ट में दोबारा विचार किया जाना चाहिए।
बुधवार को आजमपुर मुलसम गांव में गजे सिंह के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि खाप सामाजिक व्यवस्था है। बालिगों की शादी में खाप पंचायतों के हस्तक्षेप पर सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला लिया है, वह गलत है। शादी विवाह प्राचीन परंपरा है। सगोत्रीय विवाह का खाप विरोध करती है। सगोत्रीय विवाह को सामाजिक मंजूरी नहीं दी जा सकती। सुप्रीम कोर्ट के आदेश से समाज में अव्यवस्था फैलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसान विरोधी है। सरकार ने दस साल से पुराने ट्रैक्टरों के संचालन पर पाबंदी लगा दी है जबकि किसानों के पास 20 से 25 साल पुराने ट्रैक्टर हैं, जिन्हें किसान सिर्फ खेती मेें ही इस्तेमाल करते हैं। सरकार को अपने ही फैसले को वापस लेना चाहिए। यदि सरकार फैसला वापस नहीं लेती तो किसानों से पुराने ट्रैक्टर लेकर उन्हें नए ट्रैक्टर फ्री में वितरित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि चीनी मिलें गन्ने का भुगतान नहीं कर रही हैं। सामान्य प्रजाति का गन्ना भी नहीं खरीदा जा रहा है। 40 प्रतिशत सामान्य गन्ना खेतों में खड़ा हुआ है। किसान परेशान घूम रहा है, लेकिन कोई उनकी सुनने वाला नहीं है। चीनी मिलें किसानों का शोषण बंद करें। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही बढ़ी विद्युत दरों, गन्ना भुगतान व किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की जाएगी।