बागपत। चलती बाइक पर मोबाइल से कॉल सुनना या करना लोगों की आदत में शुमार हो चुका है। यह बुरी आदत हादसों को न्योता दे रही है। संतुलन बिगड़ने से बाइक के गिरने का खतरा रहता है। कई हादसे हो चुके हैं। दुपहिया वाहन की ड्राइविंग के दौरान मोबाइल के प्रयोग से चालक का ध्यान मोबाइल पर चली बातों में रहता है, इससे हादसों का खतरा बढ़ना लाजिमी है। कई बार सड़क के गड्ढे तो कई बार बगल से गुजरने वाले वाहन से खतरा बनता है। दुपहिया वाहन चलाने के दौरान यदि कोई कॉल आती भी है, तो सड़क किनारे बाइक रोक कर बात करने का विकल्प रखना चाहिए। इसके अलावा सफर पूरा करने के बाद भी कॉल की जा सकती है, क्योंकि बाइक सवार के लिए यह बड़े खतरे से कम नहीं है। बाइक चलाते समय मोबाइल सुनने वाले अधिकतर चालक ऐसे नजर आए, जिनके पास हेलमेट भी नहीं था। इनके लिए खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
मोबाइल गिरने का भी खतरा
बागपत। बाइक चालते समय मोबाइल से बातें करने से मोबाइल गिरने का भी खतरा रहता है। हादसों और आर्थिक नुकसान से बचने के लिए यह जरूरी है कि अगर ड्राइविंग के दौरान कॉल आए तो सुरक्षित स्थान पर पहले बाइक रोक लें और इसके बाद बातें करने के बाद ही सफर पर निकले।
जनवरी में 646 चालान किए
बागपत। परिवहन विभाग ने जनवरी माह में बगैर हेलमेट के 646 चालान किए, परिवहन के अनुसार लगभग 21 चालान रोज का है। एक सौ रुपये का चालान काटे जाने का प्रावधान है। एआरटीओ आरपी मिश्रा ने कहा अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा।