बड़ौत (बागपत)।
नगर निकाय चुनाव हो चुका है, लेकिन अभी भी कर्मचारियों की चुनाव की खुमारी नहीं उतरी है। फरियादी शिकायत लेकर दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन शिकायत करने के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है।
नगर निकाय चुनाव को लेकर पिछले एक माह से जनपद में अधिकांश विभागों के कर्मचारी चुनावी ड्यूटी के चलते व्यस्त थे। अब चुनाव भी हो चुका है, लेकिन अभी भी कर्मचारियों की चुनाव की खुमारी नहीं उतरी है। सोमवार को कोताना रोड स्थित सिंचाई विभाग के दफ्तर पर बावली, मलकपुर व बड़ौली गांव के दर्जनों किसान पहुुंचे तो उन्हें वहां पर न तो बाबू मिले और न ही मुंशी व जेई। किसानों ने कहा पिछले 15 दिन से दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन न तो यहां पर अधिकारी मिलते हैं और न ही कर्मचारी। बताया कि उन्हें फसलों की सिंचाई संबंधी अनेकों शिकायतें हैं, लेकिन जब अधिकारी व कर्मचारी नहीं मिलते तो शिकायत किसे बताएं।
उन्होंने कहा अधिकांश समय दफ्तर खाली रहता है, अब चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी ही दफ्तर में मौजूद रहते हैं। उन्होंने इसकी शिकायत डीएम से करने की बात कहीं। उधर, मुख्य शिकायत केंद्र पर भी उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होेंने कहा त्रुटि पूर्ण विद्युत बिल व अन्य समस्याओं को लेकर दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। वहां पर न तो जेई मिलते है और न ही एसडीओ। उधर, एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कहीं। आक्रोश जताने वालों मेें हरेंद्र, चीनू, प्रमोद, उधम, तेजवीर, प्रकाश, धर्मवीर, प्रवीण, अजेंद्र, सोहनवीर आदि रहे।
े