चांदीनगर (बागपत)। सरफाबाद-सिंगौली मार्ग पर बीच रास्ते में ट्रैक्टर ने बाइक सवार सिपाही को टक्कर मार दी। उसे गाजियाबाद अस्पताल में भर्ती कराया । इसके अलावा पाली गांव के पास कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए।
सरफाबाद निवासी कंवर पाल दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल हैं। वह शनिवार शाम बाइक पर सवार होकर घर से ड्यूटी पर जा रहा था। जैसे ही सिंगौली-सरफाबाद मार्ग पर बीच रास्ते में पहुंचा, तभी सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे सिपाही कंवर पाल जमीन पर गिर गया और घायल हो गया। परिजनों ने उसे गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित पाली गांव के पास कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक निर्देश और रोहन निवासी लोनी घायल हो गए। आरोपी चालक कार को लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने घायल युवकों का चिकित्सक से इलाज कराया।