पेरा शूटर दीपेंद्र सिंह ने जीते दो स्वर्ण पदक
बिनौली (बागपत)।
पेरा शूटर दीपेंद्र सिंह ने बैंकाक में चल रहे पेरा शूटिंग वर्ल्ड कप में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इस खुशी में बृहस्पतिवार को शाहमल राइफल क्लब बिनौली पर उसके साथी शूटरों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
थाईलैंड के बैंकाक शहर में पांच नवंबर से पेरा शूटिंग वर्ल्ड कप चल रहा है। इसमें बिनौली के वीर शाहमल क्लब के शूटर दीपेंद्र सिंह ने देश की ओर से अपनी चुनौती पेश की। क्लब के प्रशिक्षक अमित श्योराण ने बताया कि बृहस्पतिवार को 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में दीपेंद्र ने व्यक्तिगत स्पर्धा में 578/600 का स्कोर बनाकर स्वर्ण पदक जीता और टीम स्पर्धा में मनीष नरवाल और आकाश वाल्मीकि के साथ मिलकर स्वर्ण पदक जीता।