बड़ौत (बागपत)।
ककौर कला गांव में अभी भी सैकड़ों घरों मेें शौचालय नहीं बने हैं। इस कारण गांव की महिलाओं और युवतियों को खुले में शौच जाना पड़ता है। शौच के दौरान महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं भी घट रही है, इससे ग्रामीणों मेें आक्रोश पनप रहा है और वे आंदोलन शुरू करने का मन बना रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया गांव में वर्षों से लोग शौचालय बनाने की मांग उठा रहे हैं, लेकिन न तो जिला प्रशासन इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही जनप्रतिनिधि । इस कारण गांव की महिलाओं और युवतियों को खुले में शौच जाना पड़ रहा है। कई बार तो खुले में शौच जाने के दौरान गांव की महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं भी हो चुकी है, इसको लेकर ग्रामीणों मेें आक्रोश पनप रहा।
उन्होंने बताया अभी भी गांव के 202 घर शौचालय विहीन है। शौचालय निर्माण के लिए 25 लाख के करीब पैसा भी आ चुका है, इसके बाद भी शौचालय निर्माण नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इनमेें सुरेश, प्रताप, संजय, सूरज, अशोक, हरपाल, जसवंत, फूल सिंह, राजेश, संजीव, कालू, विपिन, नरेंद्र आदि रहे।
दूसरी तरफ ग्राम प्रधान भोपाल सिंह ने कहा गांव में शौचालय निर्माण के लिए हाल ही में पैसा आया है। कुछ लोग निर्माण में रुकावट भी डाल रहे है। इससे कार्य प्रभावित हो रहा है। बीडीओ प्रेमचंद ने गांव का निरीक्षण कर शौचालय निर्माण कराने की बात कहीं।