बड़ौत (बागपत)।
सीनियर सिटीजन्स वेलफेयर एसोसिएशन की दयानंद बाल विद्या जूनियर हाईस्कूल में हुई बैठक में जन समस्याओं को लेकर 22 अगस्त को जिलाधिकारी से मिलने का निर्णय लिया।
रविवार को डॉ. हरपाल सिंह की अध्यक्षता और प्रीतम सिंह वर्मा के संचालन में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा 14 जून को जिलाधिकारी के समक्ष एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने बैठक कर रोडवेज विभाग से संबधित समस्याओं के संबंध में विचार किया था। प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी को वस्तु स्थिति से अवगत कराकर सात सूत्रीय मांग पत्र दिया था, लेकिन आज तक धरातल पर कोई कार्रवाई न होने पर आक्रोश जताया। वहीं बड़का रोड पर प्राथमिक विद्यालय शिशु शिक्षालय और प्राथमिक विद्यालय की समस्याओं के संबंध में बीएसए से अनुरोध किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वर्तमान में भी वहां गंदगी फैली हुई है और बच्चों के बीमार होने की आशंका जताई। जन समस्याओं को लेकर 22 अगस्त को प्रतिनिधि मंडल हरपाल सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिलेगा। इसमें सदस्यों ने समाज में फैली कुरीतियों, तेरहवीं पर ब्रहम भोज प्राप्त करने पर मृतकों पर चादर चढ़ाने, शराब, दहेज प्रथा आदि कुप्रथाओं का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। इसमें हाजी यामीन, मोहम्मद उमर मुस्ताक, सतपाल पथौलिया, हरबीर सिंह, ईश्वर सिंह, ओमपाल राठी, धर्मपाल, राधेश्याम, आदि रहे।