पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के आरोपी कुख्यात सुनील राठी के करीबी रोबिन खोखर ने भूरा फरारी मामले में पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। आरोपी दो साल से उत्तराखंड के रुड़की के चिकित्सक से रंगदारी मांगने के मामले में भी फरार चल रहा था।
छपरौली क्षेत्र के गांव हलालपुर निवासी रोबिन खोखर को सुनील राठी गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जाता है। पुलिस के बताया कि रोबिन खोखर व उसके भाई सचिन खोखर ने सुनील राठी के कहने पर देहरादून पुलिस कस्टडी से 15 दिसंबर 2014 को अमित उर्फ भूरा को छुड़ाया। पुलिस कर्मियों से दो एके-47 व एक कारबाइन लूट ली थी। दोनों भाई जेल से जमानत पर छूट गए थे। रोबिन कोर्ट में तारीख पर नहीं जा रहा था, इसलिए उसके खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी कर दिए थे। सोमवार को रोबिन ने अदालत में सरेंडर कर दिया।