बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पाली गांव के पास क्रेटा कार ने ईंटों से लदे ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पर बैठे शुगर मिल के संविदा कर्मचारी की नीचे गिरने से मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार को लेकर भाग निकला। इसकी सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
अर्जुनपुरम कॉलोनी बागपत निवासी संजय (40) पुत्र स्वर्गीय हरपाल सहकारी शुगर मिल बागपत में संविदा कर्मचारी था। रविवार की शाम वह ट्रैक्टर-ट्राली से काठा गांव में भट्ठे पर ईंट लेने गया। ट्रैक्टर को वीरेंद्र निवासी काठा चला रहा था। वह बराबर में सीट पर आगे की तरफ पैर कर बैठा था। शाम साढ़े सात बजे के लगभग ईंट लेकर लौट रहे थे। जब वे दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर काठा गांव के पास पहुंचे तो क्रेटा कार ने ट्राली में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पर बैठा संजय नीचे गिर गया और उसके ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया उतर गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के लिए रेफर किया। दिल्ली के ट्रामा अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचे। परिवार की महिलाओं में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के परिजनों ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार रोरिया ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बिनौली में सड़क हादसे में बच्चे की मौत
बिनौली (बागपत)। तेज गति कार ने एक रिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। दादरी गांव निवासी गजेंद्र बाल्मीकि पुत्र कृष्णपाल मजदूरी करता है। वह अपने भाई सोनू और आठ वर्षीय पुत्र आदि को अपने रिक्शा में बैठाकर बिनौली से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान जब वे न्यू एरा स्कूल के सामने पहुंचे तो पीछे से आ रही एक कार चालक ने रिक्शे में टक्कर मार दी। इससे तीनों घायल हो गए। वहां गुजर रहे लोगों ने तीनों को बिनौली सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान आदि की मौत हो गयी। परिजनों ने बिना कोई कार्रवाई के बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया। इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह का कहना है कि हादसे की जानकारी मिली है। लेकिन पीड़ित कार्रवाई के लिए अभी तक कोई तहरीर नहीं दी। ब्यूरो
टटीरी में दो कारों में टक्कर, चार घायल
अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। कस्बे में मेरठ-बागपत हाईवे पर सूरजपुर महनवा गांव को जाने वाली पुलिया के पास दो कार में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिंघावली अहीर गांव निवासी रोहित की पत्नि सुभद्रा स्कूल से कार में सवार होकर घर जा रही थी। पाली गांव निवासी राशिद, शहजाद, मुमताज कार में सवार होकर मेरठ जा रहे थे। जब वे अग्रवाल मंडी टटीरी में मेरठ-बागपत मार्ग पर सूरजपुर महनवा गांव को जाने वाली पुलिया के पास पहुंचे तो दोनों कार में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में सभी घायल हो गए। लोगों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मेरठ-बागपत मार्ग पर 20 मिनट जाम लगा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों कार को हटवाकर जाम खुलवाया।
एक्सप्रेस वे पर कार डिवाइडर पर चढ़ी, तीन घायल
खेकड़ा (बागपत)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर कार डिवाइडर पर चढ़ने से खरखौदा सोनीपत निवासी कार सवार एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए दिल्ली स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। खरखौदा सोनीपत निवासी अमित सोमवार सुबह आठ बजे पत्नी निशा व भाई राकेश के साथ अपनी फोर्ड फिगो कार में सवार होकर रिश्तेदारी में गाजियाबाद जा रहे थे। जब वह पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर खेकड़ा के समीप पहुंचे तभी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार में सवार चालक अमित, उसकी पत्नी निशा व भाई राकेश तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए दिल्ली स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जहां घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।