बड़ौत (बागपत)। पूर्वी यमन नहर में पानी छुड़वाने की मांग को लेकर मंगलवार को छछरपुर गांव के ग्रामीणों ने कोताना रोड स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय में प्रदर्शन किया। बाद में अधिकारियों के न मिलने पर किसान आंदोलन की चेतावनी देते हुए लौट गए।
मंगलवार को छछरपुर गांव के काफी संख्या में ग्रामीण प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट के नेतृत्व में सिंचाई विभाग के कार्यालय पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट का कहना था कि पिछले दस दिनों से पूर्वी यमन नहर मेें पानी की एक बूंद पानी तक नहीं है, जिस कारण इस नहर से जुड़े गांव के सैकड़ों किसानों की फसल सूखकर बर्बाद हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग के अफसरों व कर्मचारियों को बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है, इससे किसानों मेें आक्रोश पनपता जा रहा है। इस दौरान कार्यालय पर अधिकारियों के न मिलने पर किसान मायूस होकर लौट गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो किसान सिंचाई विभाग कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे। अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग संजीव कुमार का कहना था कि जल्द ही नहर मेें पानी छोड़ दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में महिपाल, नरेंद्र, जयवीर, प्रमोद, अमरपाल, हरवीर, नीरज, महक सिंह, रामपाल, सुरेश, नितिन, गौरव शामिल रहे।